सरकार की जय हो.. पार्षदों और अध्यक्ष प्रतिनिधि ने किया ऐसा काम कि भाजपा की हो रही छवि धुमिल और जनता भी परेशान ⏩ जानिए क्या है माजरा

◾ भाजपा पार्षदों की गुटबाजी के चलते सामने आई अध्यक्ष प्रतिनिधि व पार्षदो के बीच की खींचतान◾अध्यक्ष का कहना - नगर परिषद की कार्यप्रणाली से नगर में हो रही समस्याएं पार्षद दल ने कहा- अध्यक्ष प्रतिनिधि के हस्तक्षेप व दबाव से नगर परिषद का कार्य व नगर विकास हो रहा प्रभावित ◾ अध्यक्ष प्रतिनिधि ने नगर परिषद की, तो पार्षद दल ने अध्यक्ष प्रतिनिधि के कार्यप्रणाली की कर दी शिकायत
जनमत जागरण @ सुसनेर से दीपक जैन की रिपोर्ट। नगर परिषद सुसनेर में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा काबिज है। फिर भी भाजपा पार्षदों की गुटबाजी के चलते आए दिन अध्यक्ष प्रतिनिधि व पार्षदो के बीच खींचतान के मामले सामने आ रहे है। जब से वर्तमान परिषद का गठन हुआ है यह सिलसिला अभी तक जारी है। जिससे अध्यक्ष प्रतिनिधि की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। अभी हाल ही में बुधवार को अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल सिसोदिया ने कुछ पार्षदों के साथ जिला केंद्र पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को नगर परिषद की कार्य व्यवस्था को लेकर एक लिखित शिकायत की थी उसके बाद अब शुक्रवार को पार्षदों का दल जिला कलेक्टर के पास अध्यक्ष प्रतिनिधि की शिकायत लेकर पहुँच गया है।
⏩ एक दूसरे गुट की आपसी खींचतान नगर विकास को तो बाधित कर ही रही है साथ ही पार्टी की छवि को भी धूमिल कर रही है। पार्षदों व अध्यक्ष प्रतिनिधि के बीच सामंजस्य नही होने के चलते में नगर का विकास अवरुद्ध हो रहा है। हमेशा पार्षदों की नाराजगी लेने वाले अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल सिसोदिया एक बार फिर अपनी कार्यप्रणाली के चलते पार्षद दल का विरोध ले बैठे है।

⏩ अध्यक्ष प्रतिनिधि ने यह की शिकायत:: अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल सिसोदिया ने अध्यक्ष लक्ष्मी राहुल सिसोदिया के लेटर पर कलेक्टर को लिखित शिकायत करते हुए बताया कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली के कारण नगर में कई समस्याएं आ रही है। सफाई व्यवस्था की स्थिति, स्ट्रीट लाइट का अभाव, पेयजल वितरण की अनियमितता व मटमैला जल वितरण, सीएमओ ओपी नागर द्वारा नगर भ्रमण न कर नगर की समस्याओं की ओर ध्यान नही देना, भुगतान होने के बाद भी कीटनाशक दवाइयों का उपयोग नहीं करना, सड़को की हालत खराब होना, नालों की सफाई न होना, गंदगी और बदबू का आलम आदि 8 बिंदुओं की जानकारी देकर उचित कारवाई कर व्यवस्थाओ में सुधार की मांग की है।

⏩ पार्षद दल ने यह की शिकायत :: वही पार्षद दल ने अध्यक्ष प्रतिनिधि की मनमानी के चलते नगर परिषद में हस्तक्षेप करने व अधिकारियों-कर्मचारियों पर बेवजह दबाव बनाने की शिकायत की है। शुक्रवार को एक बार फिर 10 पार्षदों के एक दल ने आगर जिला केंद्र पहुँचकर जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से मुलाकात कर अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल सिसोदिया की कार्यप्रणाली की लिखित शिकायत की है। जिसमे नगर परिषद उपाध्यक्ष ममता राकेश जैन, पार्षद कल्पना जितेंद्र साँवला, स्नेहा युगल किशोर परमार, सोनिया अर्जुन जादमे, तब्बसुम इमरान खान, प्रेमबाई, इबादुल्ला खान, रेखा दिलीप जैन, राणा जयदीप सिंह, शेख उम्र फारुख ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल सिसोदिया लगातार नगर परिषद की कार्य व्यवस्था में हस्तक्षेप कर नगर परिषद का कार्य बाधित किया जा रहा है। स्वच्छता कर्मचारियों को मेट को बताए बिना अवकाश पर भेज दिया जाता है। जिससे कार्य प्रभावित होता है।

⏩ बिना स्वीकृति के कीटनाशक दवाई मंगवाई :: पार्षद दल ने अध्यक्ष प्रतिनिधि पर मनमानी का आरोप लगाते हुए बिना स्वीकृति के कीटनाशक दवाई मंगवाई जाती है जिससे भुगतान व दवाई छिड़काव भी प्रभावित होता है। अवकाश पर गए सफाईकर्मियों की अनुपस्थिति नही लगाने का दबाव भी कर्मचारियों पर बनाया जाता है। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि का अत्यधिक दबाव होने से नगर परिषद का कामकाज भी सही रूप से संचालित नही हो पा रहा है। वही अध्यक्ष प्रतिनिधि द्वारा अधिकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाने के लिए उनकी झूठी शिकायत की जा रही है।



