“हम होंगे कामयाब अभियान” : सायबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और बाल अधिकारों पर जागरूकता का सफल समापन

जनमत जागरण @ आगर मालवा । आगर मालवा पुलिस ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और भारत सरकार के निर्देशानुसार 15 दिवसीय “हम होंगे कामयाब अभियान” का सफल आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2024 तक चले इस अभियान का उद्देश्य सायबर अपराध, महिला और बाल सुरक्षा, लैंगिक भेदभाव और डिजिटल सुरक्षा पर जागरूकता फैलाना था।
⏩ दशहरा मैदान में हुआ समापन समारोह :: इस अभियान का समापन दशहरा मैदान, आगर मालवा में हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरतप्रीत कौर सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री ओ.पी. विजयवर्गीय ने किया।

◾ महिला और बाल सुरक्षा पर जागरूकता अभियान :: अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए:
⏩ शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता :: नेहरू कॉलेज, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय में लैंगिक हिंसा, सायबर अपराध, बाल विवाह और बाल सुरक्षा पर विशेषज्ञों ने जागरूकता बढ़ाई।
⏩ ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम :: ग्राम पंचायतों और सामूहिक विवाह सम्मेलनों में बाल विवाह, भ्रूण हत्या, और सायबर फ्रॉड पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। अभियान में महिला बाल विकास विभाग और जनसाहस एनजीओ का सहयोग प्राप्त हुआ।
⏩ मुख्य उद्देश्य और उपलब्धियां : अभियान के मुख्य उद्देश्य
1. सायबर अपराधों के प्रति जागरूकता।
2. महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा।
3. लैंगिक भेदभाव और हिंसा की रोकथाम।
4. डिजिटल युग में सतर्कता बढ़ाना।
15 दिनों में 30 से अधिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें 5,000 से अधिक नागरिक शामिल हुए। सोशल मीडिया और पंपलेट्स के माध्यम से 5,000 से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई गई।
⏩ समाज में बड़ा बदलाव लाने की पहल :: समापन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा, “यह अभियान समाज में जागरूकता लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।” पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने अभियान को सफल बनाने वाले अधिकारियों और सहभागियों की सराहना की।
⏩ पुलिस की अपील :: आगर मालवा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सायबर अपराध, लैंगिक हिंसा, या किसी भी अपराध की सूचना तुरंत डायल 100, महिला हेल्पलाइन 1090, या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें।“हम होंगे कामयाब अभियान” को सफल बनाने वाले सभी नागरिकों, अधिकारियों और संस्थानों का धन्यवाद।



