IMG-20260815-WA0013
previous arrow
next arrow
'सार्थक' दृष्टिकोणआपके लेखकवि/लेखकसाहित्य विशेष

सृजन की तूलिका से कब उभरेगा समाज का दर्द? | गोपाल केसर की कविता

चित्रकार, शिल्पी, कवि और वैज्ञानिक की संवेदनाओं को झकझोरती गोपाल केसर की विचारोत्तेजक कविता

सृजन का धर्म : सौंदर्य से आगे समाज के सत्य को स्वर देना

सार्थक चिंतन | राजेश कुमरावत ‘सार्थक’

कला, साहित्य, विज्ञान और शिल्प—ये केवल प्रतिभा के प्रदर्शन अथवा यश और प्रतिष्ठा अर्जित करने के माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज की चेतना को दिशा देने वाले सशक्त उपकरण हैं। किसी भी सृजन की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब वह मानवीय संवेदनाओं से जुड़कर समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में आशा, सम्मान और परिवर्तन का संचार करे।

आज जब एक ओर विकास और आधुनिकता के नए प्रतिमान गढ़े जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गरीबी, बेरोजगारी, श्रमिकों का शोषण और सामाजिक विषमता अनेक प्रश्न खड़े कर रहे हैं। ऐसे समय में कलाकार की तूलिका केवल सौंदर्य के चित्र उकेरने तक सीमित नहीं रह सकती, शिल्पी के हाथ केवल देव प्रतिमाओं को आकार देने तक बंधे नहीं रह सकते, कवि की लेखनी सत्ता की प्रशस्ति में अपनी संवेदना नहीं खो सकती और वैज्ञानिक की प्रतिभा का मूल्यांकन केवल मशीनों की विशालता से नहीं किया जा सकता।

सृजन का वास्तविक धर्म है—पीड़ित की पीड़ा को अभिव्यक्ति देना, श्रम की गरिमा को प्रतिष्ठित करना, अन्याय के विरुद्ध निर्भीक स्वर बनना और विकास की दिशा को मानवीय मूल्यों से जोड़ना। यदि हमारी प्रतिभा समाज के आंसू नहीं देख पाती, यदि हमारी कला श्रमिक के पसीने का सम्मान नहीं कर पाती और यदि हमारा विज्ञान मनुष्य के हाथों से उसकी आजीविका छीनने का कारण बनता है, तो हमें अपने सृजन की दिशा और उद्देश्य पर पुनर्विचार करना ही होगा।

वरिष्ठ कवि गोपाल केसर की रचना ‘सृजनकारों के प्रति’ इसी आत्ममंथन का आह्वान करती है। यह कविता चित्रकार, शिल्पी, कवि और वैज्ञानिक—चारों सृजनधर्मियों को संबोधित करते हुए उनसे उनकी सामाजिक जिम्मेदारी का हिसाब मांगती है। कविता का मूल स्वर स्पष्ट है कि सृजन केवल कल्पना, कौशल और तकनीक का विस्तार नहीं, बल्कि मनुष्यता के प्रति उत्तरदायित्व भी है।

यह रचना चित्रकार से कहती है कि वह चांदनी से दमकते चेहरों के साथ अभाव और पीड़ा में झुलसते जीवन का चित्र भी बनाए। शिल्पी से अपेक्षा करती है कि वह श्रम करने वाले हाथों को देवत्व प्रदान करे। कवि को सत्ता की चाटुकारिता छोड़कर मौन पीड़ा को वाणी देने का संदेश देती है और वैज्ञानिक को ऐसे विकास पर विचार करने के लिए विवश करती है, जो मशीनों की प्रगति के साथ मनुष्य की रोजी-रोटी भी सुरक्षित रख सके।

वस्तुतः सच्चा सृजन वही है, जो सुंदरता के साथ सत्य को, प्रगति के साथ संवेदना को और प्रतिभा के साथ सामाजिक प्रतिबद्धता को भी स्थान दे। यह कविता केवल चार विधाओं के रचनाकारों से संवाद नहीं करती, बल्कि समूचे समाज के सामने एक बड़ा प्रश्न रखती है—हम जो कुछ रच रहे हैं, वह किसके लिए और किस उद्देश्य से?


सृजनकारों! तुम्हारी कला में श्रम और पीड़ा का स्थान कहां है?

सृजनकारों के प्रति

कवि : गोपाल केसर

ओ चित्रकार!

ओ चित्रकार तुम क्या बनाते रहते हो, चांदनी से रोशन चेहरे की तस्वीर, अभीशापित से जीवन ज्वाल में, जिनके जले चेहरे मुरझाए हैं, गरीबी की मार से कितनी मां के लाल, ज्वार ग्रस्त बिन दवा के मौत की नींद सोए हैं, इनका तो करुण चित्र बना रे चित्रकार।

ओ शिल्पी!

और शिल्पी! बहुत गढ़ चुके तुम देवता की मूरत, अब कलयुग के सृष्टा राम कृष्ण ये श्रम देवता; अब तुम्हें मूर्ति इनकी गढ़नी होगी; हाथ में धनुष ना सुदर्शन चक्र; गैंती, फावड़ा, हल, हथौड़े शस्त्र, आंखों में अश्रु, स्वेद, रक्त से भींगे, इन मजदूर देवता का, ये रंग रूप गढ़ना होगा।

ओ कवि!

ओ कवि शोहरत और पुरस्कार पाने को, शासकों-दुशासकों से तेरा मेलजोल, यह नहीं कवि का धर्म, चारण का धर्म-कर्म है, अभिव्यक्ति के जोखिम अब उठाने होंगे, चांदी के गढ़ अब तुम्हें छोड़ने होंगे, जुल्मी धनी बली के अंध शासन में, बिन अन्न, जिंदा लाश खामोश पड़ी है; इस मौन हाहाकार को अपनी वाणी दो कवि।

ओ वैज्ञानिक!

ओ वैज्ञानिक होश में आ कहां जा रहा, पवन वेग से रथ विज्ञान कलाओं का, लक्ष्मी के बेटों के लिए सुंदर-सुखद स्वर्ग रचता, जिस उद्योग से श्रमजीवी पलते थे, उस उद्योग को अब चलाती तेरी विशालकाय मशीनें।

अरे तू दे रहा क्या विकास बढ़ रही बेकारी भुखमरी, रोजी-रोटी छीनने वाले, तेरे सृजन प्रेतों का, अब तुझे संहार करना होगा वैज्ञानिक।


कवि परिचय

गोपाल केसर स्थान : खेड़ावदा मोबाइल : 9753678740

प्रस्तुति एवं वैचारिक टिप्पणी : राजेश कुमरावत ‘सार्थक’ संपादक एवं संस्थापक, जनमत जागरण

जनमत जागरण | आपकी आवाज, हमारी पत्रकारिता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *