उज्जैनमध्यप्रदेश

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम “सफलता की कहानी”

हलधर फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी ने उज्जैन शहर में 3 स्थानों पर ताजी सब्जी विक्रय केन्द्र प्रारम्भ किये

जनमत जागरण न्यूज @ उज्जैन 

 किसानों को यदि स्वयं का उत्पाद बाजार में बेचने और स्वयं उससे मुनाफा कमाने के लिये केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनियां बनाकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उज्जैन जिले में सब्जियां उगाकर उनको सीधे मार्केट में पहुंचाने के लिये खाचरौद, खेड़ावदा बड़नगर व रामवासा उज्जैन के करीब 300 फल एवं सब्जी, बीज उत्पादकों ने समूह बनाकर काम करना शुरू कर दिया है। हलधर नाम के इस एफपीओ ने 15 अगस्त से उज्जैन शहर में महानन्दा नगर के राठौर कॉम्पलेक्स, ऋषि नगर के कॉम्पलेक्स व नानाखेड़ा थाने के पास तीन सब्जी के विक्रय केन्द्र खोलकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा दिये हैं।
एफपीओ के उपाध्यक्ष श्री राजेश धाकड़ ने बताया कि विगत सितम्बर माह में कलेक्टर श्री आशीष सिंह खाचरौद के सांवरिया परिसर में आकर किसानों से मिले थे तथा उन्हें एफपीओ बनाने के लिये प्रेरित किया था। हलधर एफपीओ इसी के बाद अस्तित्व में आया और समस्त औपचारिकता पूरी करते हुए किसानों के लिये, किसानों के द्वारा संचालित होने वाला संगठन तैयार हो गया। सब्जी उत्पादक किसानों की ताजी सब्जियां अब उज्जैन के उक्त तीनों स्टोर पर मिलने लगेंगी, जिससे उपभोक्ताओं को अच्छी गुणवत्ता की सब्जी व फल मिलेंगे और किसानों को मुनाफे में सीधे हिस्सेदारी।
15 अगस्त को महानन्दा नगर के राठौर कॉम्पलेक्स में पूर्व संभागायुक्त एवं ई-फसल कंपनी के प्रबंध संचालक श्री रवीन्द्र पस्तौर द्वारा उक्त स्टोर का शुभारम्भ किया गया। उन्होंने किसानों को वेल्यू एडिशन प्रसंस्करण इकाई की स्थापना, भण्डारण एवं विपणन सम्बन्धित प्रशिक्षण दिया। श्री पस्तौर ने कहा कि उज्जैन जिले में इस तरह की दुकान की शुरूआत होना एक शुभ संकेत है। उद्घाटन समारोह में हलधर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओमप्रकाश सेकवाड़िया ने कंपनी की कार्य योजना के बारे में जानकारी दी और कहा कि एफपीओ के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनायेंगे। किसानों को गेहूं, प्याज, मटर बीज उत्पादन कार्यक्रम से जोड़ दिया गया है। कार्यक्रम में उप संचालक उद्यान श्री सुभाष श्रीवास्तव, श्री संजय रघुवंशी, श्री अमन पंवार एवं कृषकगण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!