धूमधाम से मना रामभक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव
सब सुख लहै तुम्हारी सरना, तुम रक्षक काहू को डरना

जनमत जागरण न्यूज़ @ नलखेड़ा
नलखेड़ा शनिवार नगर सहित तहसील के विभिन्न गांवों में हनुमान जन्मोत्सव की धूम रही। हनुमान मंदिरों पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन चलते रहे। सुबह से देर शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की। साथ ही देवालयों में रामायण, सुंदरकांड, रामचरित मानस, हनुमान चालिसा आदि के पाठ का आयोजन भी हुआ।
नगर के श्री बल्ड़ावदा हनुमान, श्री पंचमुखी हनुमान, श्री खेड़ापति हनुमान, श्री सूर्यमुखी बजरंगबली, श्री पायगा वाले हनुमान (गवलीपुरा), श्री दास हनुमान, श्री बालाजी मंदिर (पुलिस थाना), श्री मारुती नंदन मंदिर, संकट मोचन हनुमान (जनपद परिसर) सहित आदि नगर के प्रमुख सभी हनुमान मंदिरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान की एक झलक पाने को उमड़ते दिखाई दिए। कई हनुमान मंदिरों में भगवान हनुमान को 56 भोग लगाया गया। एवं महाआरती की गई। महाआरती पश्चात् महाप्रसादी का वितरण किया गया।
बड़ागांव नगर सहित ग्राम भैंसोदा, धरोला, गुदरावन, किलोना, पड़ाना, सुईगांव, पिलवास, पचलाना, पीपलखेड़ी आदि गांव स्थित हनुमान मंदिरों पर भी भक्तों का हुजूम उमड़ा। सभी मंदिरों पर भगवान का मनमोहक श्रंगार किया गया। मंदिरों पर पुष्प और विद्युत की सजावट की गई। शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव और पूर्णिमा की वजह से लोगों में खासा उत्साह रहा। समूचा क्षेत्र पवनपुत्र के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिरों पर धार्मिक भजन-कीर्तन होते रहे। श्रद्धालुओं ने हवन, अनुष्ठान, जाप आदि किए। साथ ही मंदिरों के शिखर पर नूतन ध्वजा चढ़ाई गई और महाआरती, महाप्रसादी के आयोजन हुए।



