आगर मालवामध्यप्रदेश

शहीद अरुण शर्मा की शहादत को…. सभी ने शीश झुका कर किया नमन…..कानड़ के सारंगपुर रोड स्थित मुक्तिधाम पर सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार

भारत मां के सच्चे सपूत को नम आंखों से दी विदाई
सांसद, कलेक्टर, एसपी ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद को दी श्रद्धांजलि

जनमत जागरण न्यूज @ आगर मालवा

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में शहीद हुए आगर मालवा जिले के कानड़ की माटी के लाल अरुण शर्मा को सोमवार को हजारों की संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर नम आंखों से विदाई दी। सारंगपुर रोड स्थित मुक्तिधाम पर सम्मानपूर्वक उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंत्येष्टि में प्रशानिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर शहीद अरुण शर्मा को अंतिम बिदाई दी।
शहीद के पार्थिव देह को लेकर वाहन जैसे ही गांव की सीमा में दाखिल हुआ, भारत माता की जय…और शहीद अरुण शर्मा अमर रहे के जयकारे गूंजने लगे। रायपुरिया रोड स्थित उनके निवास पर पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। सांसद श्री महेन्द्रसिंह सोलंकी, कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार सगर सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद अरुण शर्मा को श्रद्धांजलि दी। उनके निवास से प्रातः 09ः00 बजे अंतिम यात्रा निकली, जो शहर के मुख्य मार्गो से गुजरते हुए मोक्षधाम पहुंची। रास्ते में शहीद के सम्मान में लोग सड़कों पर खड़े नजर आए, जगह जगह स्टॉल लगाकर तथा मकानों की छत पर खड़े होकर नागरिकों ने पुष्पवर्षा की। जिला प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार के लिए कानड़ में उनके निवास व मुक्तिधाम तक आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!