मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करें – संभागीय आयुक्त
जनमत जागरण न्यूज @ झालावाड़
जिले में आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 की तैयारियों एवं कानून व्यवस्था के संबंध में संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागीय आयुक्त ने निर्वाचन से संबंधित सभी अधिकारियों से कहा कि विधानसभा चुनाव को स्वतंत्रता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न करवाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदान के समय किसी भी मतदाता को कोई परेशानी ना हो इसके लिए सभी रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केन्द्र का नियमित रूप से निरीक्षण करें तथा सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक कार्य को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान संचालित किए जा रहे हैं कंट्रोल रूम में चुनाव से संबंधित सभी रिटर्निंग अधिकारियों, प्रकोष्ठ प्रभारियों, उड़नदस्तों की सूची सहित चुनाव संबंधी अन्य सभी जानकारियां उपलब्ध रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सी-विजिल एप्प के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का रजिस्टर भी संधारित किया जाए।
उन्होंने बताया कि इस बार आयोग द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों को होमवोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने मतदाता को होम वोटिंग के दौरान पूर्ण सहजता एवं बिना किसी असुविधा के साथ मतदान करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक को चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पड़ौसी राज्य एवं अन्य जिलों की सीमाओं पर व्यापक नाकाबन्दी करवाएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों के आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं पुलिस जाप्ते की व्यवस्था के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान छोटी से छोटी घटना को जमीनी स्तर पर जांच करवाकर निस्तारित करें।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब के उत्पादन एवं वितरण के स्थलों का चिन्हीकरण कर कार्यवाही करें एवं उनकी गहनता से जांच की जाए ताकि उनसे संबंधित अन्य प्रकार के अवैध कार्यों की जानकारी संज्ञान में लाई जा सके। उन्होंने चुनाव के दौरान अनुज्ञापत्रधारी शस्त्रधारकों से शस्त्र जमा करवाने की कार्यवाही में प्रगति लाने के निर्देश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दिए।
इस दौरान संभागीय आयुक्त ने विभिन्न प्रर्वतन ऐजेन्सियों नारकोटिक्स विभाग, वन विभाग, आयकर विभाग सहित अन्य विभागों के नोडल अधिकारियों को अवैध सामग्री, मादक पदार्थों, मदिरा एवं नकद राशि के परिवहन एवं वितरण पर रोक लगाने के लिए जप्ती की कार्यवाही बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारियों को शराब की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने एवं दुकानों के स्टॉक का वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए।
बैठक में संभागीय आयुक्त ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पानी की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने विधानसभा चुनाव 2023 को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शान्तिपूर्वक तरीके से सम्पन्न कराने हेतु संभागीय आयुक्त को आश्वस्त किया।
इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस शुभम भैसारे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) नरेश कुमार मालव, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी नरेन्द्र सिंह पुरोहित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा, चारों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी सहित संबंधित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



