नामांकन पत्र दाखिल, नाम वापसी 9 नवंबर तक
जनमत जागरण न्यूज़ @ झालावाड़
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 30 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होने के बाद विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। नामांकन पत्र दाखिल करने वाले अभ्यर्थी 6 नवंबर, 2023 तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रातः 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन ने बताया कि एक उम्मीदवार अधिकतम 4 नामांकन प्रस्तुत कर सकता हैं। नामांकन के दौरान अभ्यर्थी को प्रारूप – 2 ख, शपथ पत्र में प्रारूप – 26, आपराधिक मामले, सम्पत्ति का विवरण, उसके परिवार का विवरण, आय से संबंधित विवरण देना होगा। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रस्तुत करने के दौरान रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में अभ्यर्थी के साथ 4 व्यक्ति उपस्थित रह सकते हैं एवं एक अभ्यर्थी के लिए अधिकतम 3 वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। नामांकन प्रस्तुत करने के दौरान उम्मीदवार के समर्थक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं कर सकते हैं।
नामांकन पत्र के साथ लगने वाले आवश्यक दस्तावेज नामांकन पत्र के साथ अभ्यर्थी को बिन्दू संख्या तीन के अतिरिक्त अमानत राशि की रसीद, जाति प्रमाण पत्र (लागू हो तो), शपथ प्रतिज्ञान का प्रारूप, प्रारूप क और ख (लागू हो तो), सत्यापित मतदाता सूची, शपथ प्रतिज्ञान का प्रारूप, प्रारूप क और ख (लागू हो तो) सांख्यिकी प्रारूप, 6 फोटो लगाने होंगे।



