जनमत जागरण न्यूज @ झालावाड़
विधानसभा चुनाव 2023 में नवाचार करते हुए महिलाओं, युवाओं एवं दिव्यांगों को मतदान हेतु जागरूक करने के उद्देश्य से झालावाड़ जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं, युवाओं एवं दिव्यांगों द्वारा संचालित मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आलोक रंजन ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में महिला कार्मिकों द्वारा संचालित 8-8 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें एक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय एवं एक पुलिसकर्मी होंगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मतदान दलों को 25 नवम्बर मतदान हेतु मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान कई महिला मतदान दल की कार्मिकों ने विधानसभा चुनाव 2023 में मतदान प्रक्रिया में कार्य करने के लिए अवसर मिलने पर अपने-अपने अनुभव बताएं। भवानीमण्डी से आई महिला मतदान दल की कार्मिक प्रशंसा सोनी ने खुश होते हुए कहा कि हमें मतदान जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने का अवसर मिला है यह हम महिला कार्मिकों के लिए बहुत गर्व की बात है उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनर द्वारा हमें बहुत अच्छी तरह से प्रशिक्षण दिया गया है इसके पश्चात् हमें विश्वास है कि इस मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने में हम सफल होंगे।
खानपुर ब्लॉक के राजकीय विद्यालय में कार्यरत पायल मित्तल ने कहा कि हमें जिला प्रशासन झालावाड़ द्वारा मतदान कार्य हेतु बेहतर तरीके से सम्पूर्ण प्रशिक्षण दिया गया है जिसका लाभ लेते हुए हम विधानसभा चुनाव 2023 में निष्पक्ष एवं स्वतंत्रतापूर्वक मतदान सम्पन्न कराने के लिए पूर्ण रूप से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हमें जिला प्रशासन द्वारा टेबल पर ही सम्पूर्ण सुविधा प्रदान की गई है।
महिला मतदान दल की कार्मिक अम्बिका ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मुझे मतदान अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद मुझे थोड़ी घबराहट थी परन्तु जब मास्टर ट्रेनर द्वारा अच्छे से प्रशिक्षण दिया गया तो मतदान कराने के लिए आत्मविश्वास आ गया। उन्होंने कहा कि अब हम सभी महिला कार्मिक पूर्ण निष्पक्षता एवं स्वतंत्रता के साथ चुनाव सम्पन्न कराएंगे।
महिला मतदान दल की कार्मिक मेनका कुमारी ने बताया कि मेरे द्वारा पहली बार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान का कार्य सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में मुझे थोड़ा संकोच था परन्तु जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण गहनता के साथ मास्टर ट्रेनर के माध्यम से प्रशिक्षण करवाया गया जिसके फलस्वरूप अब मैं मतदान सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण रूप से तैयार हूं।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं आदर्श मतदान केन्द्र
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष थीम पर एक-एक आदर्श मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन में झालावाड़ स्थित स्कॉउट कार्यालय में गागरोन किले की थीम पर आदर्श मतदान केन्द्र बनाया गया है। वहीं विधानसभा क्षेत्र डग में संतरे के बगीचे की थीम पर भैसानी में तथा विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना में गजवाड़ा में व विधानसभा क्षेत्र खानपुर में हरियाली थीम पर आदर्श मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।



