पशुपालकों की परेशानी समझी – प्रतिबंध पशु चारा एवं भूसा जिले से बाहर निर्यात एवं ईंधन के रूप में उपयोग करना प्रतिबंधित

जिला दंडाधिकारी श्री सिंह द्वारा धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
जनमत जागरण @ आगर मालवा :: कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी राघवेंद्र सिंह ने जिले के पशुधन के लिए चारा व भूसा की उपलब्धता बनाए रखने हेतु दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 144 के अतंर्गत आगर मालवा जिले से अन्य जिलों व राज्यों में चारा, भूसा का निर्यात एवं उद्योगों के बायलरों एवं ईंट,भट्टों में ईंधन के रूप में उपयोग करना प्रतिबंधित किया है। कलेक्टर के इस आदेश के पीछे मंशा यही है कि गर्मी के इस मौसम में जिले में पशुओं के लिए चारे और भूसे की कमी न हो जाए ।
– अनावश्यक रूप से संग्रहण करना प्रतिबंधित रहेगा
- जारी आदेशानुसार किसी भी व्यक्ति या संस्थान द्वारा सुखला, घास, भूसा, कड़वी (ज्वार, मक्का के डंठल) आदि सहित समस्त पशु चारा आगर-मालवा जिले के बाहर निर्यात नही किया जाएगा। साथ ही उद्योगों, फैक्ट्रीयों के बायलरो, ईंट भट्टी आदि में पशु चारा, भूसा का ईंधन के रूप में उपयोग नहीं किया जाएगा। भूसा तथा चारे का युक्ति संगत मूल्य से अधिक मूल्य पर किसी भी व्यक्ति द्वारा क्रय-विक्रय करना एवं चारा, भूसा का कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने के लिए अनावश्यक रूप से संग्रहण करना प्रतिबंधित रहेगा।
– लायसेंसधारी उद्योग ही स्टॉक कर सकेगा
ईधन उपयोगी भूसे का स्टॉक के लिए लायसेंसधारी उद्योग ही स्टॉक कर सकेगा, जिसको सुरक्षा की समस्त जवाबदारी संबंधित लायसेंसधारी की रहेगी एवं प्रतिबंधित अवधि में जिले के बाहर लेकर जाना प्रतिबंधित रहेगा। यह आदेश आगामी 02 माह की अवधि के लिए प्रभावशील रहेगा, प्रभावशील अवधि में आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 188 के तहत अभियोजन किया जायेगा।

👉🏿 यह वेब रिपोर्ट भी पढ़ें–‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा 07 जनवरी को नगर परिषद सोयतकला का भ्रमण करेगी
जनमत जागरण@ आगर मालवा ::‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ 07 जनवरी को नगर परिषद् सोयतकलां का भ्रमण करेगी, जहां कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल में शिविर आयोजित होगा। यात्रा के दौरान शहरी योजनाओं में प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा लोन, स्टार्ट-अप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा, अटल मिशन फॉर रिजूवनेशन एंड अर्बन ट्रांसपोर्टेशन-अमृत योजना, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना, सौभाग्य योजना, डिजिटल पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर, खेलो इंडिया, उड़ान, वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना शामिल हैं। इन योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को चिंहित कर लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी होगा।
👉🏿 ई-खबर यह भी पढ़िए – सभी व्यक्ति नियमित स्वास्थ्य चेकअप करवाए -कलेक्टर श्री सिंह
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ ले विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत ग्राम पंचायत भ्याना में शिविर आयोजित

जनमत जागरण @ आगर- मालवा :: स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, इसलिए सभी व्यक्ति अपना नियमित स्वास्थ्य चेकअप करवाएं, जिससे कि किसी भी तरह की कोई बीमारी होने पर समय पर पता चलने पर उसका समय रहते समुचित उपचार हो सके, यह उद्गार कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह शनिवार को ग्राम पंचायत भ्याना में विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कलेक्टर ने कहा कि आजकल देखने में आता है कि कम उम्र से ही लोग डायबिटीज़ एवं अन्य बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं, जिसका मुख्य कारण व्यक्ति का अपने स्वास्थ्य के प्रति गंभीर नहीं होना तथा समय-समय पर स्वास्थ्य चेकअप नहीं करवाना, आज जनकल्याणकारी शिविर के साथ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया है सभी ग्रामीणजन अपना स्वास्थ्य चेकअप जरूर करवाये। कलेक्टर ने आगे कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को शासन की योजना का लाभ दिए जाने हेतु विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं जो व्यक्ति किसी कारणवश अभी तक शासन की योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित है वह संबंधित विभाग के स्टॉल पर जाकर अपना आवेदन देकर पंजीयन करवाए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य जनहितैषी योजनाएं शासन द्वारा लागू की गई है जिनका सभी को पात्रता अनुसार लाभ लेना चाहिए। शिविर में विभागों के द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं में लाभान्वित करने हेतु फार्म भरे गए तथा पंजीयन किया गया। मेरी कहानी मेरी जुबानी के माध्यम से हितग्राहियों ने योजना का लाभ पाकर उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी दी तथा हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



