विकसित भारत यात्रा :: यात्रा के दौरान पहुंचे पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेने के लिए भटकते रहे

नहीं लगे कई विभागों स्टाल - विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत सोयतकलां में शिविर आयोजित, शिविर में नगर पंचायत के अलावा मात्र 3 अन्य विभागों के लगे स्टाल , - पूर्व विधायक के पूछने पर सीएमओ हुए निरुत्तर , नहीं थी उन्हें पीएम विश्वकर्मा योजना की जानकारी
जनमत जागरण @ सोयतकलां दीपक जाटव :: विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत रविवार को नगरीय निकाय सोयतकलां में जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देकर उपस्थित जनों से लाभ लेने का आह्वान किया तथा पात्र हितग्राही को हितलाभ का वितरण किया। शासकीय कन्या हाई स्कूल में आयोजित शिविर में जिला अध्यक्ष चिंतामण राठौर, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, न.प. अध्यक्ष प्रतिनिधि कु० पुष्कर राजसिंह जादौन, भाजपा के युवा नेता भारत सिंह चौहान, नायब तहसीलदार रामेश्वर दांगी ,मुख्य नगर पालिका अधिकारी देवेंद्र कुमार वत्स,थाना प्रभारी यशवंतराव गायकवाड, पार्षदगण अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को हितलाभ देने हेतु विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर आवेदन प्राप्त कर पंजीयन किया गया। शिविर में रहवासियों ने उत्साह पूर्वक बढ़ -चढ़कर भागीदारी की तथा विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ शिविर स्थल पर पहुंचने पर स्वागत किया गया। शासन योजना में लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 15 नवंबर 2023 को विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत के बाद गांव-गांव में चौपाल का आयोजन कर लाभार्थी के अनुभव कथन और योजनाओं से वंचित हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है । लेकिन यह यात्रा धरातल पर आते-आते उनके उद्देश्य पर खरी उतरती नहीं दिख रहा है जिसकी नजारा हमें नगर में पहुंची यात्रा के दौरान देखने को मिली ।

– स्वीकृति पत्र मिला लेकिन नहीं मिले रुपए :: विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान रविवार को मध्यप्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल की अनुग्रह सहायता योजना के तहत मिलने वाली राशि नहीं मिलने पर पीड़िता ने रोष व्यक्त किया । पीड़िता के पति भवानी शंकर कुशवाहा ने मंच पर ही अतिथियों के बीच कहा की स्वीकृति पत्र तो कई बार दे दिया लेकिन मुझे राशि आज तक नहीं मिली । भवानी शंकर कुशवाह ने कहा मेरी पत्नी मंजू कुशवाह निवासी सोयतकलां का 26.5.2022 में एक्सीडेंट हो गया था , इस दुर्घटना में मेरी पत्नी स्थाई अपंगता की श्रेणी में आ गई। शासन द्वारा अनुग्रह सहायता योजना के तहत 18 अगस्त 2023 को ₹200000 की राशि स्वीकृत की गई थी । स्वीकृति पत्र तो कई बार दे दिया लेकिन पीड़िता के खाते में राशि आज तक नहीं आई । विकसित भारत यात्रा के तहत रविवार को हुए कार्यक्रम के दौरान दर्जनों हितग्राही कई योजनाओं से पात्र हितग्राही भी पहुंचे लेकिन उन्हें अपनी समस्याओं को बताने का मौका ही नहीं मिला जब कार्यक्रम खत्म हुआ उसके बाद वह अधिकारियों के बीच अपनी पीड़ा को व्यक्त करते हुए देखा गया।

– और मंच छोटा पड़ गया :: आपको बता दें कि नगर में विकसित भारत यात्रा में यह दृश्य देखने को मिला कि कार्यक्रम जब शुरू हुआ शुरू होने के 1 घंटा 10 मिनट तक तो मंच पर बैठे अतिथियों का स्वागत होता रहा । मंच पर लगभग चार दर्जन से अधिक अतिथि के रूप में उपस्थित थे । जितना बड़ा मंच था वह मंच छोटा पड़ गया । विकसित भारत संकल्प यात्रा इस यात्रा प्रमुख उद्देश्य था हितग्राहियों की समस्याओं को सुनना और वंचित हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना । लेकिन यहां पर कुछ दृश्य अलग ही देखने को मिला। जिनको योजनाओं का लाभ दिया जा चुका है और उनके अनुभव कथन सुना गए, लेकिन कई पात्र हितग्राही इंतजार ही करते रहे और कार्यक्रम खत्म हो गया ।

- मंच से नहीं दे पाए योजनाओं की विस्तृत जानकारी :: कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि केंद्र सरकार की विभिन्न प्रकार की योजनाओं की सही जानकारी सुनने के लिए हितग्राही बैठा था, लेकिन योजनाओं की विस्तृत जानकारी बताई नहीं गई । बड़ी हास्यप्रद स्थिति यही रही की यात्रा के कार्यक्रम में नगर परिषद द्वारा हर योजना की जानकारी देने के लिए अलग-अलग कर्मचारियों को नियुक्त किया गया था लेकिन केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राहियों ने ही सुनाई योजनाओं के बारे जानकारी दे दी लेकिन जिनको विस्तृत जानकारी देना थी वह जानकारी नहीं दे पाए ।
– सीएमओ नहीं दे पाए पीएम विश्वकर्म योजना की जानकारी :: एक और हास्यास्पद स्थिति यह रही कि पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह ने सीएमओ को टोका की क्या आपको प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जानकारी नहीं है सीएमओ देवेंद्र वत्स ने मना कर दिया मुझे इस योजना की जानकारी के बारे में पता नहीं है । इसके बाद पूर्व विधायक ने जनपद पंचायत सुसनेर में जानकारी उपलब्ध होने का हवाला देकर विश्वकर्मा योजना से जुड़ी लिस्ट सीएमओ देवेंद्र वत्स को देकर योजना की जानकारी देने को कहा।


- – दर्जनों विभाग की सैकड़ो योजनाएं लेकिन स्टाल लगे चार :: केंद्र सरकार और राज्य सरकार की सैकड़ो योजनाएं संचालित हो रही है इन योजनाओं को संचालित करने की दर्जनों विभागों के ऊपर जिम्मेदारी है लेकिन रविवार को यात्रा के दौरान देखने को मिला कि मात्र चार विभागों के स्टॉल लगाए गए। जिसमें स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद और बैंक आफ इंडिया और ग्रामीण बैंक इन चार विभागों के ही स्टाल लगाए गए दूसरे विभाग के स्टॉल नहीं लगने से हितग्राही इधर-उधर भटकते रहे और पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेने से और जानकारी लेने से वंचित रहे । सीएमओ देवेंद्र वत्स ने कहा कि हमने सभी विभागों को सूचना दी थी ।
- – शपथ के दौरान जिला अध्यक्ष ने बताया विश्वकर्म योजना के बारे में जानकारी :: विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान हर कार्यक्रम में जो हितग्राहियों और आम नागरिकों जो को शपथ दिलाई जाती है वह शपथ भाजपा जिला अध्यक्ष चिंतामण राठौर द्वारा शपथ दिलाई गई शपथ दिलाने के पूर्व उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी ।



