MP में शुरू हुआ “मोहन का गांव कनेक्शन”- लुप्त हो चुके परम्परागत और देशी खेल फिर से स्कूलों में खेले जाएंगे

- प्रदेश सरकार की पहल छात्र फिर खेलेंगे सितोलिया खेल व अन्य ग्रामीण खेल , प्रदेश में स्वामी विवेकानंद और मकर संक्रांति पर होंगे 5 दिवसीय कार्यक्रम स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किये निर्देश
जागरण @ आगर-मालवा :: ” MP में अपनी जड़ों की ओर लौटती मोहन सरकार – भारतीय ग्रामीण खेलों के साथ होगा यह स्वप्न साकार ” । अच्छी खबर है ये है कि जिन्हें आज की पीढ़ी लगभग भूल चुकी है। अब लुप्त हो चुके परम्परागत और देशी खेल फिर से खेले जाएंगे। प्रदेश में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी सितोलिया , रस्सा-कस्सी जैसे ग्रामीण परंपरागत खेलों में हाथ आजमाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए ।
स्कूल शिक्षा विभाग 10 से 14 जनवरी 2024 तक प्रदेश में स्वामी विवेकानंद जयंती और मकर संक्रांति पर 5 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने समस्त विभागीय शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किये हैं।प्रदेश में 10 जनवरी को शैक्षणिक संस्थाओं में स्वामी विवेकानंद पर केन्द्रित प्रेरणादायी शैक्षिक, सांस्कृतिक और व्याख्यान संबंधी कार्यक्रम होंगे। इसके अगले दिन 11 जनवरी को योग प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार अभ्यास के साथ विद्यार्थियों के इसके महत्व पर भी चर्चा की जाएगी। शैक्षणिक संस्थाओं में 12 जनवरी को सामुहिक सूर्य नमस्कार और 13 जनवरी को कबड्डी, खो-खो, मलखंब, सितोलिया (पिट्ठू), लंबी और ऊँची कूद, रस्सा-कस्सी समेत अन्य स्थानीय पारंपरिक खेल होंगे।पाँचवे और अंतिम दिन 14 जनवरी को प्रदेशभर की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में मकर संक्रांति के वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर निंबध लेखन, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता होंगे। इसी दिन विद्यार्थियों को स्थानीय साइंस सेंटर और म्यूजियम, प्लेनेटोरियम और वेधशाला का निरीक्षण कराया जायेगा। निर्देशों में कहा गया है कि प्राचार्य कक्षा 10 और 12वीं की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी सहभागिता को स्वैच्छिक करें।
👉🏿 यह खबर भी पढ़ें…‘पीएम विश्वकर्मा योजना‘ कारीगरों के हुनर को परखने एवं प्रोत्साहित करने में कारगर सिद्ध होगी- सीईओ जिला पंचायत श्रीमती कौर….योजना के लाभ के लिए पंजीकरण जरूरी..प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पर एक दिवसीय सेमिनार-सह-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जनमत जागरण @ आगर-मालवा :: पीएम विश्वकर्मा योजना में कौशल को बढ़ावा देकर कारीगारों के जीवन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, योजना कारीगरों एवं शिल्पकार के हुनर को परखने एवं प्रोत्साहित करने में कारगर साबित होगी, यह बात मंगलवार को पीएम विश्वकर्मा योजना पर जिला पंचायत आगर के सभाकक्ष में आयोजित सेमिनार-सह-जागरूकता कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरनप्रीत ने कही। सीईओ श्रीमती कौर ने कहा कि योजना के माध्यम से कारीगारों का कौशल उन्नयन होगा तथा वे अपने पारम्पारिक कार्यां को और भी कुशलतापूर्वक कर सकेंगे, जिससे उनके लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे तथा अन्य व्यक्तियों को भी रोजगार मिलेगा। सेमीनार में बड़ी संख्या में कारीगर एवं शिल्पकार उपस्थित रहे।

वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी एमएसएमई इन्दौर श्रीमती अनुज्ञा हण्डू ने बताया कि योजना के तहत 18 पारम्परिक ट्रेड में हाथ और औजार से काम करने वाले कारीगर एवं शिल्पकार पात्र होंगे, जिन्हें सरकार की तरफ से 5 प्रतिशत ब्याज की दर से 3 लाख रुपए की धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी, पहले चरण में पात्र व्यक्तियों को एक लाख रुपये का ऋण दिया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 2 लाख रुपये का प्रावधान योजना में है। योजना के तहत सभी पात्र व्यक्तियों को कौशल सत्यापन के बाद 5 दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण तथा 15 दिन या उससे अधिक उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण से जुड़े उपकरणों को खरीदने के लिए प्रोत्साहन के रूप में 15,000 रुपये का अनुदान देने की सुविधा भी योजनान्तर्गत है।

कार्यक्रम में ज्वाईंट डायरेक्टर एमएसएमई इन्दौर डीडी गजभिये ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 18 क्षेत्रों में कार्य करने वाले व्यक्ति इसका लाभ उठा सकते हैं, इनमें राजमिस्त्री, नाई, माली, धोबी, दर्जी, ताला बनाने वाले, बढ़ई, लोहार, सुनार, अस्त्रकार, मूर्तिकार /जूता बनाने वाले कारीगर, नाव निर्माता, टोकरी/चटाई/झाड़ू बनाने वाला, गुड़िया और खिलौना निर्माता, हथौड़ा और टूलकिट निर्माता, फिशिंग नेट निर्माता, भी इस योजना का लाभ उठाने के लिए सीएचसी सेंटर के माध्यम से पीएम विश्वकर्मा योजना पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते है। इसके लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक विवरण एवं राशन कार्ड की आवश्यकता होगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए 18 वर्ष की आयु पूर्ण होनी चाहिए। स्वरोजगार/व्यवसाय विकास योजनाओं के तहत पिछले 5 वर्ष में किसी भी शासकीय योजना के अंतर्गत ऋण न लिया हो। योजना के तहत परिवार का एक ही सदस्य पात्र होगा। सरकारी सेवा में कार्यरत व्यक्ति और उनके परिवार के सदस्य योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। एल डी एम श्री दिलीप सिंह ने बैंको से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। कार्यशाला में अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह सेंगर, सहायक प्रबंधक उद्योग विभाग बहादुर सिंह धार्वे, पी ओ डूडा पवन फुलफकिर,सभी जनपद सीईओ , प्रबंधक खाद्य ग्रामाद्योग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।



