श्रीमद्भागवत कथा पोथी एवं मंगल कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ प्राचीन श्री देवनारायण देवझरी मंदिर में 7 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान

- सुबह से रात तक धार्मिक आयोजनों की रहेगी धूम धाम
- मंगलवार से श्री हरि हरात्मक पंचुंडात्मक महायज्ञ एवं तुलसी विवाह का शुभारंभ
- श्रीमद् भागवत कथा के साथ देवनारायण भगवान की कथा का भी आनंद लेंगे भक्तजन
- सुबह पंच कुंडी महायज्ञ, दोपहर में भागवत कथा , शाम को श्री देवनारायण भगवान की कथा
जनमत जागरण @ नलखेड़ा से रवि कुमरावत :: मालवा का प्राचीन मंदिर श्री देवनारायण देवझरी मंदिर में होने वाले सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ सोमवार को गंगा कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ । सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजनकर्ता गोविंद राठौर के स्व निवास पिलवास कॉलोनी से गंगा कलश यात्रा नलखेड़ा के विभिन्न मार्गो से होती हुई निकली, जहां लोगों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत कर पूजन किया । यात्रा सरदार पटेल चौराहा लखुन्दर नदी से होकर सरस्वती विद्या मंदिर पहुंची , उसके बाद ग्राम पड़ाना में भ्रमण करती हुई देव झरी मंदिर प्रांगण में समाप्त हुई ।

– धर्मु सेठ की पुण्य स्मृति में शुरू हुआ सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान यह भव्य आयोजन :: नलखेड़ा तहसील में ग्राम पड़ाना एवं धंदेड़ा के बीच स्थित मालवा का प्राचीन मंदिर श्री देवनारायण देवझरी मंदिर में स्व. श्री धर्मेंद्र राठौर् (धर्मु सेठ) की पुण्य स्मृति में गोविंद राठौर द्वारा करवाया जा रहा है । इस सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में श्री हरि हरात्मक पंचकुंडात्मक महायज्ञ, तुलसी विवाह, श्री मद्भागवत भागवत कथा, श्री देवनारायण कथा आयोजन रखा गया है ।

– श्री देव नारायण कथा का हुआ शुभारंभ :: मंदिर प्रांगण में 12 फरवरी सोमवार को रात्रि 7 बजे से श्री देव नारायण कथा शुभारंभ हुई । श्री देवनारायण कथावाचक पंडित श्री श्यामसुंदर शर्मा रामनगर वाले द्वारा कथा का रसपान करवाया जा रहा है ।

– श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन :: दिनांक 13 फरवरी मंगलवार से 19 फरवरी सोमवार 2024 तक दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का पारायण होगा । भागवत कथा प्रवक्ता बाल विदुषी साध्वी श्री अलक नंदा जी दीदी अपने मुखारविंद से भागवत कथा का रसपान धर्मालुजनों को करवाएंगे।

– मंगलवार से श्री हरि हरात्मक पंचकुंडात्मक महायज्ञ एवं तुलसी विवाह का शुभारंभ :: 13 फरवरी मंगलवार से 19 फरवरी सोमवार तक मंदिर परिसर में श्री हरि हरात्मक पंचुंडात्मक महायज्ञ एवं तुलसी विवाह का आयोजन रहेगा । इस महायज्ञ के यज्ञाचार्य पंडित श्री देवकी नंदन नागर द्वारा किया जा रहा है । श्री देवनारायण मंदिर पुजारी ने बताया गया कि 17 फ़रवरी शनिवार को भगवान श्री देवनारायण जी का महाअभिषेक रखा गया है 19 फरवरी सोमवार को श्री मद्भागवत कथा का समापन, यज्ञ पूर्णाहुती महाप्रसादी एवं विशाल भंडारा होगा ।












