सावधान : कहीं आप भी तो नहीं कर रहे हैं यह गलती..! निर्माणाधीन मकान पर तराई करते समय युवक की करंट लगने से मौत

•• करंट के चपेट में आने से युवक की मौत, मकान की तराई करते समय हुआ हादसा
जनमत जागरण @ सोयतकलां :: अपने खुद के निर्माणाधीन मकान की तराई करते समय करंट की चपेट में आने से युवक मौत के मुंह में समा गया । गुरुवार को सोयतकलां के समीप गांव रावली में निर्माणाधीन मकान की तराई करते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक बेसुध हो गया जिसे परिजन नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए ।
जहां पर जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार सुरेश पिता भेरुलाल कुशवाहा उम्र 28 वर्ष निवासी रावली गुरुवार प्रातः निर्माणाधीन मकान की तराई कर रहा था । तभी बिजली के तार से अचानक करंट लग गया। पुलिस थाने के प्रधान आरक्षक सतीश मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माणधीन मकान की तराई करते समय युवक को करंट लगा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

- सावधानी और सतर्कता से बच सकती है जान
प्रतिवर्ष सैकड़ों लोग निर्माणाधीन मकान की छत से या तराई करते समय करंट लगने से मौत के मुंह में समा रहे है । थोड़ी सी सावधानी बरतने से असमय मौत के मुंह में जाने से बच सकते हैं । निर्माणाधीन मकान के आसपास अगर कहीं करंट के तार हो तो लाइट बंद करके ही काम करें । मकान की तरी करने के लिए दीवार पर नहीं चढ़े अन्यथा असंतुलन होकर गिरने से भी मौत हो सकती है । निर्माणाधीन मकान के बनते समय मजदूर और मकान मालिकों को बहुत सावधानी से छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना चाहिए ।जिससे कि असमय काल के मुंह में जाने से बचा जा सके ।



